वॉयस ऑफ ए टू जेड न्यूज :-दिल्ली से कानपुर जा रही शताब्दी एक्सप्रेस में खराब नाश्ता मिलने का यात्रियों ने आरोप लगाया है। इटावा जंक्शन पर उतरे यात्रियों ने नाराजगी जाहिर की है। कुछ यात्रियों ने ट्वीट करके रेलवे से शिकायत की है। शनिवार शाम नई दिल्ली से कानपुर जा रही शताब्दी एक्सप्रेस 12034 के कोच नंबर सी 9 में बैठे यात्रियों को नाश्ते में समोसा और सैंडविच दिया गया।
इसे खोलते ही उसमें से गंध आने लगी। यात्रियों ने इसकी शिकायत कर्मचारियों से की। यात्रियों ने खाने का वीडियो बनाकर ट्वीट करके शिकायत की। इटावा जंक्शन पर उतरे सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि वह गाजियाबाद से कानपुर के लिए शताब्दी एक्सप्रेस से सफर कर रहे थे। तभी ट्रेन में नाश्ता दिया गया। उसमें से बदबू आ रही थी।
पैंट्री कार के मैनेजर ने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कर ली है। दंपती रोशन सोनी और अंजली सोनी ने बताया कि इतना पैसा खर्च करने के बाद भी इस तरह का नाश्ता दिया जा रहा है। हाफिज मो. चिश्ती ने बताया कि शाम को जब अलग से नाश्ता ऑर्डर किया तो सैंडविच और समोसा खाया। उसके बाद कई बार उलटी हुई।